हांडीभंगा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का भव्य अनावरण: पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने किया उद्घाटन

Pramod Kumar,News11 Bharat,

गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत 

बहरागोड़ा/डेस्क:  बहरागोड़ा प्रखंड क्षेत्र से सटे पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक हांडीभंगा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की 126वीं पुण्यतिथि के पावन अवसर पर 'भारत मुंडा समाज' के बैनर तले उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने शिरकत की. कार्यक्रम स्थल पर पहुँचते ही पूर्व मुख्यमंत्री का ग्रामीणों द्वारा ढोल-नगाड़ों, मांदर की गूंज और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बेहद गर्मजोशी और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया. इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रतिमा का अनावरण करते हुए अर्जुन मुंडा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और कहा कि बंगाल के इस प्रमुख हांडीभंगा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित किया जाना इस पूरे क्षेत्र के लिए बेहद गौरव की बात है, क्योंकि उनका जीवन और संघर्ष हमें हमेशा अपनी माटी और संस्कृति की रक्षा की प्रेरणा देता रहेगा.

उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, उनके उलगुलान (क्रांति) और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए दिए गए बलिदान के बारे में लोगों को विस्तार से बताया, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और प्रगति में समाज के हर वर्ग से बढ़-चढ़कर अपना सहयोग देने का पुरजोर आह्वान किया. इस गरिमामयी कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और अद्भुत नजारा तब देखने को मिला जब पूर्व मुख्यमंत्री पूरी तरह से ग्रामीण संस्कृति के रंग में रंग गए और उन्होंने वहां मौजूद समस्त जनता व समाज के लोगों के साथ मिलकर मांदर की थाप पर कदम से कदम मिलाकर पारंपरिक नृत्य किया, जिसने न सिर्फ कार्यक्रम में समां बांध दिया बल्कि वहां मौजूद हर एक ग्रामीण का दिल जीत लिया.

यह भी पढ़ें: डीसी ने मेदिनीनगर नगर निगम, नगर पंचायत व नगर परिषद के किये जा रहे कार्यों की समीक्षा की