गुमला: तेज बारिश और आंधी ने उजाड़ा आशियाना, खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर परिवार

News11 Bharat

किशोर कुमार जायसवाल/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क:
गुमला जिला के उर्मी,डॉनटोली गांव में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी. प्राकृतिक आपदा के कारण गांव की रहने वाली भगवती देवी का घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. तेज हवा और बारिश के चलते उनके घर की छत उड़ गई, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है. घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.

भगवती देवी ने बताया कि उनके पति की मृत्यु करीब पांच वर्ष पहले हो चुकी है. वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ किसी तरह जीवन यापन कर रही है. परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है और आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर होने के कारण घर की मरम्मत कराना संभव नहीं हो पा रहा है. उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द मुआवजा और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की अपील की है. लोगों का कहना है कि आंधी-पानी से इलाके में कई घरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.

यह भी पढ़े: पलामू में ग्रामीण चिकित्सक की धारदार हथियार से गला रेतकर हुई हत्या, जांच में जुटी पुलिस