गुमला में SDM और BDO का औचक निरीक्षण, आंगनबाड़ी, स्कूल, आवास योजनाओं और स्वास्थ्य केंद्रों की जांच

Vaibhaw Vikram

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
गुमला/डेस्क:
गुमला के अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार एवं भरनो बीडीओ अरुण कुमार सिंह ने बुधवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सरकारी संस्थानों एवं विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र तथा आवास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. 

निरीक्षण की शुरुआत अधिकारियों ने समसेरा करंजटोली गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र से की. यहां उन्होंने पोषण वाटिका,  भवन की स्थिति, बच्चों की उपस्थिति पंजी तथा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया. उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका को बच्चों के पोषण एवं नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया. इसके बाद अधिकारियों ने राजकीय उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय समसेरा का निरीक्षण किया. 

इस दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति पंजी की जांच की गई. साथ ही विद्यालय भवन, पेयजल व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया गया. अधिकारियों ने  शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए. 

निरीक्षण के क्रम में एसडीएम एवं बीडीओ ने समसेरा गांव में संचालित अबुआ आवास एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित एवं निर्माणाधीन आवासों का भी निरीक्षण किया. उन्होंने लाभुकों से सीधे संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की तथा समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करने और योजनाओं का लाभ सही तरीके से लेने की सलाह दी. इसके पश्चात अधिकारियों ने उत्तरी भरनो पंचायत भवन पहुंचकर वहां उपलब्ध प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की समीक्षा की. 

पंचायत भवन के सभागार में मुखिया एवं पंचायत कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं को पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से क्रियान्वित करने पर जोर दिया. अंत में अधिकारियों ने बूढ़ीपाट गांव स्थित सीएसी सेंटर का निरीक्षण किया.  यहां उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, भवन की स्थिति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की. 

उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. अधिकारियों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इसके लिए नियमित निरीक्षण एवं निगरानी जारी रहेगी. इस अवसर पर उत्तरी भरनो पंचायत की मुखिया मंजू देवी, पंचायत सचिव सुनीता कुमारी, 15 वें वित्त आयोग के कनीय अभियंता तारिक अनवर, गणेश कुमार, प्रमोद केशरी, स्वयंसेवक सहदेव उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कर्मी उपस्थित थे. 

यह भी पढ़ें: पत्रकारों पर हमलों को लेकर राज्यपाल से मिला प्रेस क्लब हजारीबाग,  सुरक्षा कानून समेत 7 मांगों का सौंपा ज्ञापन