न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: हजारीबाग जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. बड़कागांव और गिद्दी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह से जुड़े चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल, बम, जिंदा गोली, खोखा, मिसफायर गोली, मोबाइल और धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं.
बड़कागांव में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का सक्रिय सदस्य अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, ग्राम पिपराडीह, थाना बड़कागांव, गिरोह के संपर्क में है. पूछताछ और मोबाइल की जांच में टेलीग्राम के माध्यम से प्रिंस खान एवं उसके गिरोह के सदस्यों से संपर्क की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर गोलीबारी और प्रिंस खान गिरोह के नाम से पर्चा छोड़ने की बात स्वीकार की.
अंकित की निशानदेही पर ओम प्रकाश पांडेय उर्फ कौशल और कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार किया गया. हथियार और बम की बरामदगी के दौरान पुलिस के अनुसार अंकित ने बरामद देसी पिस्तौल से पुलिस बल की ओर फायर कर भागने का प्रयास किया. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी. उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.मौके से दो देसी बम, देसी पिस्तौल, एक जिंदा गोली, एक खोखा, एक मिसफायर गोली, हथियार की मैगजीन, पांच मोबाइल और चार धमकी भरे पर्चे सहित अन्य सामान बरामद किए गए.
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने करमा कुमार साहू, पिता हरि साहू, निवासी पतरातू बाजार को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार करमा कुमार साहू सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के लिए हथियार एवं बम उपलब्ध कराने का काम करता था. उसकी निशानदेही पर साधु कुटिया जंगल से बम और देसी पिस्तौल की मैगजीन बरामद की गई.
इस कार्रवाई में अमित आनंद, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव, पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, कोर्रा थाना प्रभारी नरेन्द्र रजक, केरेडारी थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय, उरीमारी थाना प्रभारी ऋतु उरांव, डाडी कला ओपी प्रभारी सागेन मुर्मू, लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, विवेक कुमार, अभिषेक कुमार, राकेश खरवार, तकनीकी शाखा/संगठित अपराध शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा थाना सशस्त्र बल शामिल रहे. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. दोनों मामलों में संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.