न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आज मेदांता अस्पताल, रांची के सहयोग से पुलिस लाइन परिसर में पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया.
शिविर में मेदांता अस्पताल के अनुभवी चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों का रक्तचाप, मधुमेह व अन्य स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए. साथ ही, उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनाव प्रबंधन, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के बारे में जरूरी जानकारियां दी गईं. इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया.
इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिसकर्मियों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, अपनी सेहत के प्रति जागरूक रहने और बेहतर कार्यक्षमता के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. पुलिस प्रशासन ने मेदांता अस्पताल की चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर पुलिस बल के कल्याण और उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.