न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: आज विधानसभा सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जब जमशेदपुर पश्चिम के वरिष्ठ विधायक सरयू राय को सदन में नहीं देखा, तो उन्होंने तत्काल उनके बारे में जानकारी ली. पता चला कि अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उन्हें रांची स्थित क्यूरेस्टा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अस्पताल पहुंचे, उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों की पूरी टीम से बातचीत कर बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
इस अवसर पर भावुक होते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "सरयू राय मेरे लिए केवल एक वरिष्ठ विधायक नहीं, बल्कि अभिभावक समान हैं. उन्होंने हमेशा मुझे बेटे से भी बढ़कर स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद दिया है. राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी मुझे उनसे ही मिली है. स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों की उन्होंने हमेशा खुलकर सराहना की और मेरा उत्साहवर्धन किया. उनसे हर मुलाकात मुझे कुछ नया सीखने का अवसर देती है."
उन्होंने कहा कि सरयू राय जी झारखंड की राजनीति के सबसे अनुभवी, सिद्धांतवादी और निर्भीक नेताओं में से एक हैं. विधानसभा में जनता के मुद्दों को तथ्यों और पूरी मजबूती से उठाना उनकी पहचान है. जब तक उन्हें संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता, तब तक वे लगातार प्रश्न करते रहते हैं. यही उनकी जनप्रतिबद्धता, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण का परिचायक है. डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, "आज अपने अभिभावक से मिलकर मन भावुक हो गया. ईश्वर से मेरी प्रार्थना है कि वे जल्द से जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर विधानसभा में लौटें. झारखंड की जनता और हम सभी को उनके अनुभव, मार्गदर्शन और स्नेह की हमेशा आवश्यकता रहेगी. मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की हृदय से कामना करता हूं."
यह भी पढ़ें- दिव्यांगजन अधिकार कानून के पालन पर हाईकोर्ट सख्त, तीन महीने में स्थायी स्टेट कमिश्नर की नियुक्ति का आदेश