शराब घोटाला मामला में नवीन केडिया की इंग्लैंड जाने की अनुमति मांगने वाली याचिका पर हुई सुनवाई 

News11 Bharat

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
रांची में बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में आरोपी शराब कारोबारी नवीन केडिया की ओर से दाखिल याचिका पर एसीबी की विशेष कोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान जांच एजेंसी एसीबी ने अपना जवाब दाखिल करने के लिए कोर्ट से अतिरिक्त समय मांगा. मामले में अब अगली सुनवाई 27 मई को होगी.

दरअसल, नवीन केडिया ने एसीबी की विशेष अदालत में याचिका दाखिल कर इंग्लैंड जाने की अनुमति मांगी हैं. याचिका में उन्होंने बेटे के ग्रेजुएशन सेरेमनी में शामिल होने सहित कई निजी कारणों का हवाला दिया हैं. उन्होंने 1 जून से 23 जुलाई तक विदेश यात्रा की अनुमति देने का अनुरोध किया हैं.

बताया जा रहा है कि झारखंड हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद नवीन केडिया फिलहाल जेल से बाहर हैं. एसीबी ने उन्हें 11 मार्च को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने पांच दिनों की रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ भी की थी. नवीन केडिया छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी बताए जाते हैं. उन पर झारखंड में निम्न गुणवत्ता वाली देसी शराब की आपूर्ति करने का आरोप हैं. मामले में पहले भी नवीन केडिया के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी हैं.  जानकारी के मुताबिक, एसीबी ने 2 जनवरी को कोर्ट से वारंट जारी करने का आग्रह किया था, जिसके बाद अदालत ने 8 जनवरी को वारंट जारी किया था. इसी दिन गोवा से नवीन केडिया को गिरफ्तार किया गया था. हालांकि गोवा कोर्ट से उन्हें चार दिनों की ट्रांजिट बेल मिली थी. उन्हें 12 जनवरी को जांच एजेंसी के समक्ष उपस्थित होना था, लेकिन वह फरार हो गए थे. इससे पहले एसीबी ने उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे उपस्थित नहीं हुए. इसके बाद जांच एजेंसी ने कोर्ट से वारंट हासिल किया था.

बता दें कि झारखंड शराब घोटाला मामले में एसीबी की कार्रवाई 20 मई 2025 से लगातार जारी हैं. इस मामले में अब तक निलंबित IAS विनय चौबे समेत करीब दो दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका हैं. हालांकि 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण अधिकांश आरोपियों को डिफॉल्ट बेल मिल चुकी हैं.

यह भी पढ़े: साइबर क्राइम पर लगेगा लगाम! झारखंड पुलिस में दो डीएसपी का ट्रांसफर ऑर्डर बदला