पिपरवार दामोदर नदी का उच्च स्तरीय पुल हुआ जर्जर, सांसद प्रतिनिधि ने सांसद से की शीघ्र मरम्मत की मांग

Ark Sahuliyar

सीसीएल पिपरवार क्षेत्र अंतर्गत अशोक परियोजना कार्यालय के समीप दामोदर नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल की जर्जर स्थिति को लेकर सांसद प्रतिनिधि दिलीप कुमार अंबष्ट ने चिंता जताई है.

मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत 
खलारी/डेस्क:
सीसीएल पिपरवार क्षेत्र अंतर्गत अशोक परियोजना कार्यालय के समीप दामोदर नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल की जर्जर स्थिति को लेकर सांसद प्रतिनिधि दिलीप कुमार अंबष्ट ने चिंता जताई है. इस संबंध में चतरा सांसद कालीचरण सिंह को पत्र सौंपकर पुल की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की है. सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि दामोदर नदी पर निर्मित यह उच्च स्तरीय पुल क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. इस पुल से प्रतिदिन सीसीएल के कोयला परिवहन में लगे भारी वाहन गुजरते हैं, वहीं हजारों स्थानीय लोग भी इसी मार्ग का उपयोग अपने दैनिक आवागमन के लिए करते हैं. पुल की वर्तमान स्थिति काफी खराब हो चुकी है, जिससे लोगों में लगातार भय और चिंता का माहौल बना हुआ है. उन्होंने कहा कि पुल के कई हिस्सों में क्षति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है. यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि पुल की अनदेखी जन-धन की भारी क्षति का कारण बन सकती है.उन्होंने उम्मीद जताई कि सांसद इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे और संबंधित विभाग के माध्यम से जल्द आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे.