न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा एनएच-75 (रांची–मेदिनीनगर मुख्य मार्ग) पर शिव टोली के समीप हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 407 ट्रक डालटनगंज की ओर से रांची जा रहा था, जबकि बाइक सवार चंदवा से लातेहार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी ओर चला गया और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाईक के ऊपर ही गिर गया, जिससे दोनों बाइक सवार ट्रक के नीचे दब गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. बाद में प्रशासन और हाइड्रा मशीन की मदद से ट्रक के नीचे से दोनों शवों को बाहर निकाला गया. इसके बाद एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चंदवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा.
इसे भी पढ़ें: एक महीने से अंधेरे में डूबी बचरा सीआईएसएफ कॉलोनी, खराब स्ट्रीट लाइट से बढ़ी चिंता