सरायकेला में भीषण सड़क हादसा: थार और छोटा हाथी की आमने-सामने टक्कर, 14 माह का मासूम घायल

Pramod Kumar,News11 Bharat,

स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया

संतोष कुमार/न्यूज11 भारत

सरायकेला/डेस्क: सरायकेला शहर के वृद्धाश्रम के समीप  थार और छोटा हाथी वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक 14 माह का मासूम घायल हो गया, जबकि छोटा हाथी का चालक वाहन के केबिन में फंस गया. स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिनी-मोहितपुर की ओर से सरायकेला आ रही थार (डीएल 01 सीएएफ 1650) में डी. तेजस प्रताप, उनकी बहन नेहा कुमारी, चालक पल्लव सिंह तथा 14 माह का मासूम शिवम सिंह (पिता-आकाश सिंह) सवार थे. दुर्घटना में शिवम सिंह को हल्की चोटें आईं.
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पत्रकार विजय कुमार साव और दशरथ प्रधान ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मासूम को अपने वाहन से सदर अस्पताल, सरायकेला पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है.

वहीं, दुर्घटना में छोटा हाथी (जेएच 22 जे 0449) का चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे इस हादसे का प्रमुख कारण हो सकते हैं. लोगों ने सड़क की जर्जर स्थिति पर नाराजगी जताते हुए जल्द मरम्मत कराने की मांग की.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, कामाख्या बाबा उर्फ ऑल्टो बाबा की  मौत