डेढ़ वर्ष में सिमडेगा पुलिस ने एनडीपीएस कांडों में 68 लोगों को सलाखों के पीछे धकेला

News11 Bharat

न्यूज़11 भारत
सिमडेगा/डेस्क:
सिमडेगा पुलिस अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करते हुए पिछले डेढ़ वर्षों में एनडीपीएस के तहत 26  कांडों में कार्रवाई करते हुए सैकड़ों किलो अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी कर 68 लोगों को सलाखों के पीछे धकेला है. सिमडेगा जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है. सिमडेगा पुलिस ने वर्ष 2025 में 15 कांडों में 582 किलो 598 ग्राम एवं 4.34 ग्राम ब्राउन सुगर बरामद करते हुए 31 तस्करों को गिरफ्तार किया है. 

वहीं वर्ष 2026 में 06 जून तक 11 उक्त कांडो में 124 किलो 409 ग्राम गांजा,  34 किलो 04 ग्राम अफीम,  5.8 ग्राम ब्राउन सुगर, 214 नशीली दवाई बरामद की है. इसके साथ पुलिस ने 3.5 एकड़ में अवैध अफीम की खेती का नष्ट करते हुए जिसमें कुल 37 तस्करों को गिरफ्तार की है. जिसमें कई अंतरराज्यीय तस्कर हैं. सिमडेगा पुलिस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा समाज को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना है. मादक पदार्थों का सेवन एवं तस्करी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह समाज, परिवार एवं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा भी है.

सिमडेगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का सेवन न करें तथा न ही किसी को इसके लिए प्रोत्साहित करें.अपने आसपास यदि गांजा, ब्राउन शुगर, नशीली कैप्सूल/टैबलेट, अफीम अथवा अन्य मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण, परिवहन या सेवन की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.अवैध अफीम या अन्य मादक फसलों की खेती की सूचना निकटतम थाना अथवा जिला पुलिस को दें.

पुलिस ने युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने में सहयोग करने की अपील की है. एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी एवं उनको पुरस्कृत भी की जायेगी. उन्होंने कहा कि सिमडेगा जिला पुलिस मादक पदार्थों के विरुद्ध अपनी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखेगी. आम जनता के सहयोग से ही नशा मुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है.