बहरागोड़ा में महिला ने देवर पर जबरन दुष्कर्म का लगाया आरोप, गर्भवती होने का दावा

News11 Bharat,Pramod Kumar,

विरोध करने पर जान से मारने की भी धमकी का भी आरोप<br/>

गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत 
 

बहरागोड़ा/डेस्क: बड़शोल थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने मुंहबोले देवर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला ने इस संबंध में बड़शोल थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और न्याय की मांग की है.शिकायत के अनुसार, महिला के पति रोजी-रोटी के सिलसिले में झारखंड से बाहर काम करते हैं और वह अपनी बच्ची की पढ़ाई के लिए बहरागोड़ा क्षेत्र में किराये के मकान में रहती है. महिला का आरोप है कि घर में पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण वह अपने गांव के परिचित युवक फकीरचंद मुर्मू को छोटी-बड़ी जरूरतों में मदद के लिए बताती थी. आरोपी उसे भाभी कहकर विश्वास में लेता था और बहरागोड़ा स्थित उसके किराये के मकान पर भी आने-जाने लगा.

महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके कारण वह भय और लोक-लाज के चलते तत्काल शिकायत नहीं कर सकी. 

महिला के अनुसार, 10 जून 2026 को तबीयत खराब होने पर चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसमें उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली. महिला ने दावा किया है कि गर्भ में पल रहा बच्चा आरोपी का है और इससे संबंधित चिकित्सकीय कागजात भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं.

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि जब महिला ने आरोपी से बच्चे के पालन-पोषण की जिम्मेदारी को लेकर बात की तो उसे घाटशिला बुलाया गया. वहां भी उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया. विरोध और शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से महिला ने रात में सुरक्षित स्थान पर रुककर अपनी जान बचाई और बाद में थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.महिला ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे न्याय दिलाने की मांग की है. 

बरसोल पुलिस आरोपी को भेजा जेल:

 महिला का शिकायत मिलने के बाद बरसोल पुलिस ने बेनासोली निवासी फकीर चंद्र मुर्मू को गिरफ्तार कर केस नंबर 22/2026 दर्ज करके संबंधित धारा लगने के बाद जेल भेज दिया है.

यह भी पढ़ें: टालिमान दौड़ा निवासी सीपीआई नेता और पूर्व ब्रांच सेक्रेटरी भुरकुंडा जुगल पासवान का निधन