बरवाडीह में महिला ने सांसद प्रतिनिधि व परिजनों पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप, प्राथमिकी दर्ज 

Vaibhaw Vikram

प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क:
बरवाडीह थाना क्षेत्र के लेदगाई गांव निवासी पूनम रानी पाल ने स्थानीय निवासी एवं सांसद प्रतिनिधि दीपक तिवारी, उनके छोटे भाई अखिलेश तिवारी तथा पिता सत्यनारायण तिवारी के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज करने और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए बरवाडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज आवेदन में पूनम रानी पाल ने बताया कि बुधवार शाम वह अपने घर में अकेली थीं और अपनी मां से फोन पर बात कर रही थीं. 

इसी दौरान आरोपित डंडा लेकर उनके घर पहुंचे तथा गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी क्रम में अखिलेश तिवारी ने उनके सीने पर बंदूक रखकर पूरे परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी तथा ऐसा नहीं करने पर गोली मार देने की बात कही. पीड़िता ने यह भी बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व भी इसी परिवार द्वारा उनके साथ मारपीट की गई थी, जिसमें गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए डालटनगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया था. 

उस मामले में भी थाना में केस दर्ज हुआ था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. पूनम रानी पाल और उनके परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर उन्हें लगातार धमकी, गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ रहा है. इधर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ जमीन संबंधी मामला है.

यह भी पढ़ें: सड़क हादसे में युवक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल