केसरीनाथ यादव/न्यूज़11 भारत
दुमका/डेस्क: आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से योग शिक्षक एवं योग शिक्षिकाओं की बहाली प्रक्रिया के तहत गुरुवार को दुमका स्थित सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में साक्षात्कार आयोजित किया गया. दो दिवसीय साक्षात्कार प्रक्रिया में कुल 170 इच्छुक अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें गुरुवार को पांच प्रखंडों के 90 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया. यह साक्षात्कार डीएएमओ डॉ. एम.के. मिश्रा एवं नोडल पदाधिकारी डॉ. आशीष रंजन की देखरेख में संपन्न हुआ.
जानकारी के अनुसार आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी आधारित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सेशन आधारित पार्ट टाइम योग शिक्षक एवं योग शिक्षिकाओं की नियुक्ति के लिए दुमका, सरैयाहाट, गोपीकांदर, काठीकुंड तथा रामगढ़ प्रखंड के अभ्यर्थियों का मूल्यांकन किया गया. साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों की योग संबंधी जानकारी, प्रशिक्षण, अनुभव तथा व्यवहारिक दक्षता की जांच की गई. चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी अभ्यर्थियों से प्रश्न पूछे गए.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में नियमित योग गतिविधियों के संचालन के लिए योग्य एवं प्रशिक्षित योग शिक्षकों का चयन किया जा रहा है. इससे आम लोगों को योग के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा. साक्षात्कार प्रक्रिया में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. बालकिशोर टुडू, डॉ. सुजीत कुमार, डॉ. मणिशंकर गोराईं, आनंद कुमार, खुशबू कुमारी, अशोक मंडल एवं उपेंद्र कुमार यादव सहित अन्य कर्मियों ने सहयोग किया.
डीएमओ ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों की सूची एक सप्ताह के भीतर दुमका एनआईसी पोर्टल पर अपलोड किए जाने की संभावना है. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस पहल से जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में योग सेवाओं के विस्तार को नई गति मिलेगी.
यह भी पढ़ें: बोकारो पुलिस को बड़ी सफलता, 700 ग्राम गांजा और 76 गांजा युक्त सिगरेट के साथ तस्कर गिरफ्तार