पंकज कुमार/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के पलमा गांव में 10 जुलाई को तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के मामले तथा घटना को दबाने के प्रयास की सूचना के बाद मंगलवार को प्रशासनिक एवं जांच टीम गांव पहुंची. टीम में अंचल अधिकारी सुशील खाखा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह, सीडब्ल्यूसी गुमला, डालसा के प्रतिनिधि तथा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह शामिल थे.
अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर पूरे मामले की जानकारी ली और स्पष्ट किया कि किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें. अपराध को दबाने या छिपाने का प्रयास भी कानूनन अपराध है. जांच टीम ने पीड़ित परिवार से मिलकर निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने कथित नकद लेनदेन, मुर्गा और दारू पार्टी के जरिए समझौता कराने की चर्चाओं से इनकार किया. थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई होगी.
वहीं जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह ने बताया कि मामले को दबाने के लिए हुई कथित बैठक में पंचायत समिति सदस्य की मौजूदगी की प्रारंभिक जांच की गई है. संबंधित पंचायत समिति सदस्य से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है, जिसके बाद जांच रिपोर्ट जिला स्तर पर सौंपी जाएगी.