जवाहर नवोदय विद्यालय बालिकुंडिया में जूनियर छात्रों से मारपीट मामले की जांच शुरू, कई सीनियर छात्र निष्कासित

Ark Sahuliyar

जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुंडिया इन दिनों जूनियर छात्रों के साथ मारपीट के गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है.

न्यूज़11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क:
जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुंडिया इन दिनों जूनियर छात्रों के साथ मारपीट के गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है. विद्यालय में जूनियर छात्रों के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने के मामले में अब जांच शुरू कर दी गई है. इस संबंध में उपायुक्त को ज्ञापन सौंपे जाने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी के निर्देश पर बीईओ विजेंद्र कौर एवं बीआरपी को विद्यालय भेजकर मामले की जांच कराई गई.

जिला शिक्षा पदाधिकारी निशु कुमारी ने बताया कि जांच के दौरान प्रथम दृष्टया मामला सही पाया गया है. मामले में शामिल कई सीनियर छात्रों को 15 दिनों के लिए विद्यालय से निष्कासित किया गया है. बताया गया कि संबंधित छात्रों से एफिडेविट पर हस्ताक्षर भी कराया गया है, जिसमें भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की बात कही गई है.

उन्होंने बताया कि मामले की पूरी जांच प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विद्यालय में काउंसलिंग सेशन आयोजित किया जाएगा, ताकि छात्रों के बीच इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके. वहीं, विद्यालय के प्राचार्य स्वतंत्र कुमार सिंह ने भी बताया कि मामले की जांच जारी है. घटना में शामिल छात्रों के अभिभावकों को विद्यालय बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई है और संबंधित छात्रों को 15 दिनों के लिए निष्कासित किया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है.

बताया गया है कि पीड़ित छात्रों में माटीहाना निवासी निरंजन पोईड़ा के भांजा विकास राणा, चाकुलिया निवासी प्रेमानंद गोप के पुत्र धर्मेंद्र गोप, धालभूमगढ़ निवासी इंद्रदेव महतो के पुत्र दीपक महतो, पोटका निवासी गिरधारी गोराई के पुत्र पूर्णचंद्र गोराई, तारिणी महतो के पुत्र गोविंद कुमार महतो तथा पदमालोचन कुंभकार के पुत्र सूरज कुंभकार शामिल हैं.