न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के इटकी थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. परिजनों से बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर एक 16 वर्षीय किशोर हाई वोल्टेज बिजली टावर पर चढ़ गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद किशोर को सुरक्षित नीचे उतारा गया.
मामला इटकी थाना क्षेत्र के रानीडीह और खंभा गांव की सीमा पर नदी के समीप स्थित बिजली टावर का है. बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय शशि उरांव पिछले कई दिनों से अपने परिजनों से बाइक की मांग कर रहा था. परिजनों द्वारा बाइक दिलाने से इनकार किए जाने के बाद वह नाराज होकर करीब चार लाख केवी क्षमता वाले बिजली टावर पर चढ़ गया.किशोर टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया और काफी देर तक वहीं बैठा रहा. सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. इटकी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची. सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कराने की प्रक्रिया शुरू की गई और पावर ग्रिड के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया.
करीब कई घंटों तक चले समझाने-बुझाने के प्रयास के बाद पुलिस और प्रशासन ने किशोर को सुरक्षित नीचे उतार लिया. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने राहत की सांस ली. पुलिस का कहना है कि किशोर की काउंसलिंग कराई जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की खतरनाक घटना दोबारा न हो.
यह भी पढ़ें- कांके बेकन फैक्ट्री का होगा कायाकल्प, आत्मनिर्भर बनाने का रोडमैप तैयार: शिल्पी नेहा तिर्की