न्यूज़ 11 भारत
धनबाद/डेस्क: जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित जगजीवन नगर में कल शनिवार को हुई युवक करण कुमार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. धनबाद डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चोरी के संदेह में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
डीएसपी प्रकाश सोया ने बताया कि 1 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि जगजीवन नगर के जामुन पेड़ के पास एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है. उसकी पहचान करण कुमार के रूप में हुई. परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले एसएनएमएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इसके बाद उसे बलियापुर रोड स्थित जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच लाया गया.
पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपी कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था. उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी पिटाई की. शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
डीएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है. उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 28 साल से नहीं टूटी श्रद्धा, 60 वर्षीय महिला हर सोमवारी डाक बम बनकर करती हैं बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक