जेएमएम ने बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर जताई चिंता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

News11 Bharat,Pramod Kumar,

न्यूज11  भारत

बुंडू/डेस्क: झारखंड छात्र मोर्चा के पूर्व रांची जिला उपाध्यक्ष सह छात्र नेता राजु कुमार उर्फ राजीव के नेतृत्व में छात्र- छात्राओं ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बुंडू से मिलकर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं एवं युवाओं की असमय हो रही मौत को लेकर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बुंडू को एक ज्ञापन सौंपा है. 

राजु कुमार ने अपने ज्ञापन में कहा कि बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिसके कारण कई लोगों की जान जा रही है तथा अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं. सबसे अधिक चिंता का विषय यह है कि इन दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में युवा एवं छात्र अपनी जान गंवा रहे हैं. यह स्थिति पूरे समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है. राजु कुमार ने कहा कि तेज रफ्तार वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, यातायात नियमों की अनदेखी तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता की कमी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं. यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है.

झारखंड छात्र मोर्चा ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेज गति से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाए, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर एवं अन्य आवश्यक यातायात सुविधाएं विकसित की जाएं. साथ ही पुलिस पेट्रोलिंग एवं ट्रैफिक निगरानी व्यवस्था को भी और अधिक मजबूत किया जाए. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए प्रशासन एवं आम जनता दोनों को मिलकर प्रयास करने होंगे. युवाओं का जीवन सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने प्रशासन से जनहित में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की बहुमूल्य जान बचाई जा सके.

इस मौके पर लोकेश यादव, जयराम महतो, हिमांसू प्रमाणिक,ममता कुमारी, नेहा कुमारी, गुड्डी कुमारी, सविता मुंडा, अनिल लोहरा, काशीनाथ लोहरा समेत कई छात्र- छात्राएँ मौजूद थे .

यह भी पढ़ें: बगोदर पुलिस की पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई: 42 मवेशियों से लदा ट्रक जब्त, पांच पशु तस्कर गिरफ्तार