चंदवा में झारखण्ड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप का शुभारंभ, विद्यार्थी खोजेंगे ग्रामीण नवाचार

News11 Bharat

राहुल कुमार/न्यूज़11 भारत 
चंदवा/डेस्क:
लातेहार जिला परिषद की उपाध्यक्ष अनीता देवी ने शुक्रवार को चंदवा पश्चिमी पंचायत भवन में ‘झारखण्ड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना’ के तहत गांव भ्रमण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. कार्यक्रम का आयोजन बनवारी साहु महाविद्यालय द्वारा किया गया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनीता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक ज्ञान, जड़ी-बूटियों से उपचार की विधियां तथा स्थानीय नवाचारों का समृद्ध भंडार मौजूद है. इन नवाचारों और पारंपरिक ज्ञान को पहचानने एवं संरक्षित करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि इंटर्नशिप के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न पंचायतों में जाकर ग्रामीणों से संवाद करेंगे और स्थानीय स्तर पर विकसित ज्ञान एवं नवाचारों का दस्तावेजीकरण करेंगे.

उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत के लिए चार-चार विद्यार्थियों की टीम गठित की गई है. ये टीमें गांवों का भ्रमण कर विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों, पारंपरिक उपचार पद्धतियों तथा आजीविका से जुड़े प्रयोगों का अध्ययन कर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार करेंगी. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलने की संभावना है.

अनीता देवी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों को व्यावहारिक शिक्षा और सामाजिक अनुभव प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया है. यह इंटर्नशिप कार्यक्रम छात्रों को समाज के साथ जुड़कर सीखने और ग्रामीण विकास की वास्तविक चुनौतियों को समझने का अवसर प्रदान करेगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य सह मेंटर प्रो. प्रदीप कुमार तिवारी ने की. इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा इंटर्नशिप में शामिल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.