ब्योमकेश मिश्रा/न्यूज़11 भारत
चंदनकियारी/डेस्क: चंदनकियारी प्रखंड सभागार में गुरुवार को "झारखंड के गौरव झारखंड आंदोलनकारियों का विशेष सम्मान एवं प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम" का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार वर्मा की अध्यक्षता में किया गया. इस अवसर पर चंदनकियारी के विधायक सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री उमाकांत रजक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए.
कार्यक्रम के दौरान झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 11 आंदोलनकारियों को विशेष सम्मान एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान प्राप्त करने वाले आंदोलनकारियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया गया.
इस अवसर पर विधायक उमाकांत रजक ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में केवल वे लोग ही शामिल नहीं थे जो जेल गए थे, बल्कि ऐसे अनेक लोग भी थे जिन्होंने गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया, आंदोलन के पक्ष में जनसमर्थन तैयार किया तथा गीत, संगीत, बांसुरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड आंदोलन को मजबूती प्रदान की. ऐसे सभी आंदोलनकारियों की पहचान कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री से भी उन्होंने आग्रह किया है कि सभी वास्तविक झारखंड आंदोलनकारियों की सूची तैयार कर उन्हें सम्मानित करने के साथ-साथ विशेष पेंशन की व्यवस्था की जाए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी वास्तविक आंदोलनकारी सम्मान और सरकारी लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग बिना आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाए स्वयं को आंदोलनकारी बताकर सूची में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है.
विधायक ने अपने संबोधन में चंदनकियारी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनप्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि चंदनकियारी के विकास से जुड़े हर कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा तथा क्षेत्र के सभी लोगों को हर संभव सहयोग दिया जाएगा.
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख निवारण सिंह चौधरी, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि, झारखंड आंदोलनकारी, प्रखंड कर्मी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. कार्यक्रम का समापन सम्मानित आंदोलनकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया.