राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: रांची में आंदोलनरत छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के कार्यकर्ताओं ने चंदवा में विरोध-प्रदर्शन किया. प्रखंड अध्यक्ष सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी चौक के समीप राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों के समर्थन में आवाज बुलंद की.
प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गया, जिससे रांची, पलामू और चतरा की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शनकारियों ने JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने तथा CGL परीक्षा रद्द करने की मांग उठाई. कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जाना चाहिए.
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुनि सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया. इसके बाद प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें कुछ देर बाद छोड़ दिया गया.
प्रदर्शन के दौरान जिला सचिव चंदन बड़ाइक, शिवशंकर प्रजापति, दीपक मुंडा, सुभाष महतो, विकास बड़ाइक, जशल गंझू, छतिष दास और नीरज सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.