भरत मंडल/न्यूज11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के दासडीह पंचायत अंतर्गत जोराराम गांव स्थित शहीद बसंत पाठक के समाधि स्थल पर सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड कमेटी द्वारा शहीद बसंत पाठक की 47वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत बसंत पाठक के भतीजे राजकुमार पाठक, गौतम पाठक, मंटू पाठक समेत अन्य पारिवारिक सदस्यों द्वारा समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर की गई. इसके बाद झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, महासचिव महालाल सोरेन, प्रखंड अध्यक्ष चांदमल मरांडी, प्रखंड सचिव मो. शब्बीर, हलधर राय, भैरव प्रसाद वर्मा, ध्रुवदेव पंडित, अमृत लाल पाठक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने अगरबत्ती जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शहीद बसंत पाठक की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा.
इस अवसर पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि स्वर्गीय बसंत पाठक ने शिबु सोरेन के साथ मिलकर झामुमो को मजबूत करने का काम किया था. उनका संघर्ष आज भी प्रासंगिक है. वे हमेशा दबे-कुचले और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के लिए लड़ते रहे तथा महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं बसंत पाठक के भतीजे राजकुमार पाठक ने कहा कि गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन द्वारा उनके सम्मान में बसंत पाठक स्मृति उद्यान का निर्माण कराया गया है, जिसके लिए सभी गांडेयवासी विधायक के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. ज्ञात हो कि बसंत पाठक झामुमो के समर्पित कार्यकर्ता थे. 22 जून 1979 की शाम उनकी हत्या कर दी गई थी. तब से प्रत्येक वर्ष झामुमो प्रखंड कमेटी द्वारा उनकी पुण्यतिथि मनाई जाती है. मौके पर कुंदन पाठक, दशरथ किस्कू, जीतेंद्र मंडल, इंद्रदेव पाठक सहित जिला एवं प्रखंड के दर्जनों झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.