अवैध बीड़ी पत्ता कारोबार और वन्यजीव अपराधियों के खिलाफ संयुक्त विशेष अभियान, भारी मात्रा में बीड़ी पत्ता जब्त

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष श्रीवास्तव /न्यूज़ 11 भारत 

पलामू/डेस्क:  पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) प्रशासन वन्यजीव अपराधों की रोकथाम और अवैध बीड़ी पत्ता कारोबार के खिलाफ लगातार कड़े कदम उठा रहा है. पलामू टाइगर रिजर्व के निदेशक श्री एस. आर. नटेश के निर्देशन में उत्तरी एवं दक्षिणी प्रमंडलों द्वारा एक संयुक्त विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान का नेतृत्व दक्षिणी प्रमंडल के उप निदेशक श्री आशीष कुमार तथा उत्तरी प्रमंडल के उप निदेशक श्री प्रजेश कांत जेना द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है.

​इसी कड़ी में आज चलाए गए एक सघन तलाशी अभियान के दौरान वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने लुकुमखाड़ क्षेत्र से लगभग 25 बोरा और मांडू क्षेत्र से लगभग 20 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया है. इससे पहले भी विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए छिपादोहर पूर्वी एवं छिपादोहर पश्चिमी क्षेत्रों से कुल 32 बोरा अवैध बीड़ी पत्ता जब्त किया जा चुका है.

​इस बड़े अभियान की सफलता के लिए उत्तरी एवं दक्षिणी प्रमंडल के विभिन्न वन क्षेत्रों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जिसमें लगभग 430 वनकर्मी एवं सहायक कर्मी शामिल हैं. यह विशाल टीम लगातार जंगली क्षेत्रों में गश्ती, निगरानी और छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दे रही है. अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल अवैध बीड़ी पत्ता के संग्रहण एवं परिवहन पर रोक लगाना ही नहीं है, बल्कि वन क्षेत्रों में होने वाले अवैध शिकार, अवैध घुसपैठ और अन्य वन अपराधों पर भी प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है.

​इस विशेष कार्रवाई के दौरान वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री उमेश दुबे एवं वन क्षेत्र पदाधिकारी श्री अजय टोप्पो सहित अन्य अधिकारियों और वनकर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही. पलामू टाइगर रिजर्व प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि वन एवं वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा. वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के संयुक्त विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे

यह भी पढ़ें: विधायक भूषण तिर्की की पहल लाई रंग, डेढ़ साल बाद तिगावल गांव में बहाल हुई बिजली