विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
हजारीबाग/डेस्क: चौपारण प्रखंड की पाण्डेयबारा पंचायत अंतर्गत कमलवार चौक से अंबाजीत जाने वाले मुख्य मार्ग का शुरुआती हिस्सा इन दिनों पूरी तरह जर्जर हो चुका है. सड़क की जगह कीचड़ भरे रास्ते का दृश्य देखने को मिल रहा है, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले सैकड़ों लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालत ऐसी है कि राहगीरों का फिसलकर कीचड़ में गिरना आम बात हो गई है. स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और बाइक सवारों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है.
सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है. उनका कहना है कि लंबे समय से जनप्रतिनिधियों से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. फिलहाल ग्रामीणों ने सड़क पर डस्ट डलवाकर आवागमन सुचारु करने और तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है. इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पाण्डेयबारा की मुखिया रेखा देवी से मुलाकात की.
इस पर मुखिया ने बताया कि उक्त सड़क का निर्माण उनके फंड से नहीं होना है. उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक की अनुशंसा पर सड़क निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब केवल कार्य शुरू होना शेष है. ग्रामीणों द्वारा सड़क पर डस्ट डलवाने की मांग पर मुखिया ने कहा कि इसके लिए उनके फंड में कोई प्रावधान नहीं है. हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी ग्राम सभा में इस मुद्दे को रखा जाएगा. यदि मनरेगा योजना के तहत यह कार्य संभव हुआ तो प्रस्ताव पारित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से दो-चार दिन धैर्य रखने की अपील की.
मौके पर शौकत अंसारी, मुजाहिदुल इस्लाम, मुकेश यादव, मो. मेंहदी हसन, अंजन सिंह, आबिद हुसैन, सफीक अंसारी, कलीम अंसारी, कौशर अंसारी, अकरम अंसारी, मुशर्रफ अंसारी, शाकिर अंसारी, नासिर हुसैन, अनीश अंसारी, फ़र्जुल अंसारी, मुख्तार अंसारी, शाजिद अंसारी, अशफाक अंसारी, शाहरुख खान, सकीम अंसारी, वाहिद अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: SC, ST और OBC छात्रों को अब BIT मेसरा में मिलेगी मुफ्त शिक्षा, ₹79.40 करोड़ में सरकार ने किया समझौता