भीषण गर्मी में करंज पुलिस की सराहनीय पहल, थाना परिसर में पियाऊ की व्यवस्था, गुमशुदा मोबाइल बरामद कर महिला को लौटाया

Pramod Kumar,News11 Bharat,

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत

भरनो/डेस्क: लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए करंज पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए सराहनीय पहल की है. करंज थाना परिसर के प्रवेश द्वार पर राहगीरों,वाहन चालकों एवं थाना आने वाले आगंतुकों के लिए पियाऊ की व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी में लोगों को राहत मिल सके.पियाऊ का उद्घाटन करंज थाना प्रभारी करण टुडू की मौजूदगी में किया गया.

इस दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि इन दिनों भीषण गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.ऐसे में थाना परिसर में पेयजल की व्यवस्था कर लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है.उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है,बल्कि समाज सेवा और जनसहयोग के कार्यों में भी हमेशा आगे रहती है.थाना परिसर से गुजरने वाले राहगीरों एवं आगंतुकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में इस तरह की व्यवस्था लोगों के लिए काफी राहत देने वाली है.वहीं दूसरी ओर करंज पुलिस ने एक महिला का गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उसे वापस लौटाकर ईमानदारी और तत्परता का परिचय दिया.

बताया गया कि महिला का मोबाइल कुछ दिन पूर्व कहीं गुम हो गया था,जिसकी सूचना थाना में दी गई थी.पुलिस ने तकनीकी सहायता एवं जांच के आधार पर मोबाइल फोन को बरामद कर सत्यापन उपरांत वास्तविक स्वामी को सौंप दिया.अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर महिला काफी खुश नजर आई और करंज पुलिस तथा थाना प्रभारी करण टुडू का आभार व्यक्त किया.इस मौके पर उपस्थित लोगों ने भी पुलिस के कार्य की प्रशंसा की.करंज पुलिस की इस मानवीय पहल और तत्पर कार्यशैली से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है.

यह भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी का स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप, दवा एक्सपायर, एंबुलेंस खरीद घोटाले की सीबीआई जांच की मांग