खूंटी डबल मर्डर का खुलासा, अवैध संबंध के शक में दोस्त और युवती की हुई थी हत्या

Pramod Kumar,News11 Bharat,

संतोष मेहता/ न्यूज़ 11 भारत 

खूंटी/डेस्क:  सायको थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पत्नी के अवैध संबंध के शक में एक युवक ने अपने ही दोस्त की टांगी से हत्या कर दी. वहीं, विरोध करने पर दोस्त के साथ मौजूद युवती को भी मौत के घाट उतार दिया गया. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मामला सायको थाना क्षेत्र का है, जहां 17-18 मई की रात सायको गांव में आयोजित छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने पहुंचे 17 वर्षीय विशु पाहन और 17 वर्षीय सुमी मुंडू की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. हत्या के बाद दोनों शवों को मरहाबुरू पहाड़ इलाके में छिपा दिया गया था. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि बड़ा जिउरी निवासी सुम्बर सिंह मानकी को शक था कि उसके बाहर रहने के दौरान उसकी पत्नी का किसी और से संबंध हो गया है. आरोपी ने इसके लिए अपने दोस्त विशु पाहन को जिम्मेदार माना. पुलिस के मुताबिक, छऊ नृत्य कार्यक्रम के दौरान सुम्बर सिंह मानकी ने टांगी से हमला कर विशु पाहन की हत्या कर दी.

हत्या के बाद आरोपी ने अपने दो साथियों गोमेया सोय और बुधराम सोय के साथ मिलकर दोनों शवों को घटनास्थल से हटाकर पहाड़ी इलाके में फेंक दिया. खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त टांगी, खून लगी मिट्टी, चप्पल और कपड़े भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें: मुखिया पति अजय राजवंशी की आनन फानन में गिरफ्तारी पर मुखिया संघ में रोष, बैठक में निंदा कर निष्पक्ष जांच की मांग की