न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र स्थित कोयल नदी किनारे हुए चर्चित गोलीबारी कांड के नामजद आरोपी सुमित कुमार को पुलिस कस्टडी से सरकारी पिस्टल छीनकर भागना महंगा पड़ गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि कोयल नदी किनारे हुए गोलीकांड के आरोपी सुमित को पुलिस ने पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन कांड में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी बाकी थी. पुलिस टीम आरोपी को कस्टडी में लेकर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल की जब्ती के लिए गई थी. हथियार बरामद कर लौटते समय आरोपी सुमित ने चालाकी दिखाते हुए पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया.
इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और पिस्टल लहराते हुए भागने लगा. भागने के क्रम में आरोपी ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग भी कर दी. कस्टडी से भाग रहे आरोपी द्वारा की गई अचानक फायरिंग से पुलिस बल तुरंत हरकत में आया और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की ओर से चलाई गई गोली सीधे आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया और पुलिस ने उसे फिर से अपने कब्जे में ले लिया.
घायल आरोपी को तुरंत पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कस्टडी से सरकारी हथियार छीनकर भागने और पुलिस पर जानलेवा हमला करने के इस मामले में आरोपी के खिलाफ अतिरिक्त सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: श्रावणी मेला में बड़ी कार्रवाई! 42.5 किलो खराब पेड़ा किया गया नष्ट, तीन प्रतिष्ठानों पर लगा जुर्माना