धूमधाम से मना लालू यादव का 79वां जन्मदिन, 79 पाउंड का केक काटकर कार्यकर्ताओं ने लिया सामाजिक न्याय का संकल्प 

Vaibhaw Vikram

मधु सुदन/न्यूज 11 भारत
सरायकेला/डेस्क:
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का 79वां जन्मदिन गुरुवार को आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में उत्साह, उमंग और राजनीतिक संकल्प के साथ मनाया गया. लालू विचार केंद्र, झारखंड प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व राजद के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं लालू विचार केंद्र के संयोजक पुरेंद्र नारायण सिंह ने किया.

इस अवसर पर लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिन के प्रतीक के रूप में 79 पाउंड का विशाल केक काटा गया. केक कटते ही सभागार "हैप्पी बर्थ डे टू यू लालू प्रसाद यादव" और "लालू यादव जिंदाबाद" के नारों से गूंज उठा. कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने तालियों और जयघोष के साथ अपने नेता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं.

केक काटने से पहले पुरेंद्र नारायण सिंह ने लालू प्रसाद यादव के चित्र पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनके दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से लालू यादव की नीतियों, सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

कार्यक्रम के दौरान लालू प्रसाद यादव के जीवन और राजनीतिक सफर पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई. इसमें प्रतिभागियों से लालू यादव के जन्म, राजनीतिक जीवन, रेल मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यकाल सहित कई महत्वपूर्ण प्रश्न पूछे ग.. सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया.

समारोह में उन पांच कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने वर्ष भर लालू यादव की विचारधारा और सामाजिक न्याय के संदेश को समाज तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाई. अपने संबोधन में पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और संघर्ष की एक विचारधारा हैं. उन्होंने घोषणा की कि लालू विचार केंद्र जल्द ही आबादी के आधार पर सरकारी नौकरियों, निजी क्षेत्र और ठेकेदारी में आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू करेगा.

कार्यक्रम को विकास प्रसाद, अर्जुन प्रसाद यादव, सिद्धनाथ सिंह यादव, देव प्रकाश, वीरेंद्र यादव, इंजीनियर अजीत कुमार यादव, उदित यादव, कमलेश कुमार यादव, एस.डी. प्रसाद, रामानंद भक्त सहित कई नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया. सामारोह में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, समर्थक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: रामगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ा अभियान, DC ऋतुराज ने दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ