सौरभ कुमार गुप्ता/न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: जिला मुख्यालय स्थित चरमुहान, रेलवे स्टेशन रोड पर संचालित सौम्या मेडिकल स्टोर में कथित रूप से अवैध गर्भपात (अबॉर्शन) कराए जाने का मामला सामने आया है. कल शनिवार देर रात अवैध रूप से अबॉर्शन कराए जाने का खुलासा होने के बाद पूरे शहर में सनसनी फैल गई. मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार, दुकान में अवैध रूप से गर्भपात कराए जाने की सूचना मिलने पर उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) दिनेश कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार, अंचल अधिकारी नन्द कुमार राम, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव रंजन तथा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात मेडिकल स्टोर में छापेमारी की.
छापेमारी के दौरान जांच टीम को मेडिकल वेस्ट मिला. प्रारंभिक जांच में मेडिकल वेस्ट के बीच भ्रूण के अवशेष मिलने की बात सामने आई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. इसके बाद प्रशासन ने पूरे परिसर की गहन जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान मेडिकल स्टोर का ट्रेड लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया जा सका. साथ ही कई अन्य अनियमितताएं भी पाई गई. इन तथ्यों के आधार पर प्रशासन ने मेडिकल स्टोर को तत्काल सील कर दिया.
प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित संचालकों एवं अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: PM मोदी पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में रांची के युवक पर FIR