भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय झालसा, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को गांडेय प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एक दिवसीय वृहद विधिक सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में एलएडीसी रविकांत शर्मा, पैनल अधिवक्ता अनुराग कुमार, बीडीओ निसात अंजुम व सीओ ओमप्रकाश बड़ाईक ने ग्रामीणों को विधिक सेवा प्राधिकार की भूमिका एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक सुलभ, त्वरित और नि:शुल्क न्याय पहुंचाना प्राधिकार का उद्देश्य है. जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे, इसके लिए ऐसे शिविर उपयोगी हैं. बताया गया कि महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, कमजोर एवं पिछड़े वर्ग तथा तीन लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले पात्र लोगों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करायी जाती है.
प्रमुख राजकुमार पाठक और बीडीओ निसात अंजुम ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जा रहा है. लोगों से ऐसे शिविरों में भाग लेकर कानूनी जानकारी एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की गई. कार्यक्रम की शुरुआत जेएसएलपीएस की महिलाओं द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुई. इसके बाद कृषि, स्वास्थ्य, बाल विकास, पशुपालन, आपूर्ति, कल्याण, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया गया. शिविर में लाभुकों के बीच अरहर बीज, प्रशस्ति पत्र तथा कल्याण विभाग की ओर से स्कूली बच्चों के बीच साइकिल का वितरण किया गया. मौके पर मुखिया अमृतलाल पाठक, अकबर अंसारी, मो. अल्लाउद्दीन, श्याम पाठक, अभिषेक कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पीएलवी एवं ग्रामीण मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: राज्यपाल संतोष गंगवार ने इटकी रोड के बेंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की