आनंदपुर में वज्रपात का कहर, इमली के पेड़ के नीचे खड़े पांच मवेशियों की मौत

Pramod Kumar,News11 Bharat,

न्यूज11  भारत

मनोहरपुर/डेस्क: आनंदपुर प्रखंड के मोरेंग गांव में रविवार को दोपहर में अचानक आए तेज बारिश,आंधी, तूफान और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई. वज्रपात की चपेट में आने से पांच मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश और आंधी से बचने के लिए कई मवेशी गांव के समीप स्थित एक बड़े इमली के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए. इसी दौरान तेज गर्जन के साथ पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई. वज्रपात इतना शक्तिशाली था कि पेड़ के नीचे खड़े पांच मवेशी उसकी चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों  ने बताया कि वज्रपात के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि सभी मवेशी मृत पड़े हुए हैं. घटना की सूचना आसपास के गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए.

ग्रामीणों के अनुसार मृत मवेशियों में तीन बड़े पशु और दो बछड़े शामिल हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका था कि मवेशी किस ग्रामीण के हैं. आशंका जताई जा रही है कि यह मवेशी किसी दूसरे गांव के हो सकते हैं. पशुओं के वास्तविक मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े रहने से वज्रपात का खतरा बढ़ जाता है. इस घटना ने एक बार फिर लोगों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता का एहसास कराया है.

घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है. ग्रामीणों ने मृत मवेशियों के मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. वहीं प्रशासन से लोगों को वज्रपात से बचाव के प्रति जागरूक करने का भी अपील की गई है.

यह भी पढ़ें: विश्व रक्तदाता दिवस पर टीएमएच नोआमुंडी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन