पलामू में वज्रपात का कहर, तरहसी के भालोगाड़ी में मकई के खेत में काम कर रहे 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

Pramod Kumar,News11 Bharat,

बारिश से बचने के क्रम में वज्रपात की सीधी चपेट में आ गया

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:   पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र अंतर्गत भालोगाड़ी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान भालोगाड़ी (डाकघर काजीपकरी, थाना तरहसी) निवासी मनजीत साव के पुत्र लड्डू कुमार के रूप में हुई है. इस असमय हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लड्डू कुमार दोपहर लगभग 2:00 बजे गांव स्थित मकई के खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और मूसलाधार बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए लड्डू जब सुरक्षित स्थान की ओर भाग रहा था, उसी क्रम में वह अचानक तेज कड़क के साथ गिरे वज्रपात की सीधी चपेट में आ गया. बिजली की चपेट में आते ही वह खेत में ही गिर पड़ा और उसने दम तोड़ दिया.

आसपास मौजूद लोग जब तक दौड़कर उसके पास पहुंचे और मदद की कोशिश की, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन व तरहसी थाना पुलिस को दी गई है.

यह भी पढ़ें: डीएवी रजरप्पा में दो दिवसीय क्लस्टर लेवल एथलेटिक्स मीट, क्लस्टर-IV का हुआ समापन