गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: ग्रामीण इलाकों में सरकारी दावों और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए गुरुवार को बहरागोड़ा प्रखंड की कुमारडूबी पंचायत में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एलआरडीसी नितिन निखिल सुरीन की अगुवाई में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम औचक निरीक्षण पर पहुंच गई. इस औचक कार्रवाई में एलआरडीसी के साथ बीडीओ केशव भारती और सीओ राजा राम मुंडा सहित पूरा प्रखंड प्रशासन मुस्तैद दिखा. टीम ने सबसे पहले धुलियापड़ा आंगनवाड़ी केंद्र का रुख किया, जहां नौनिहालों की उपस्थिति, साफ-सफाई और बांटे जा रहे पोषाहार के मानकों को परखा. इसके बाद प्रशासनिक अमला सीधे जन वितरण प्रणाली (राशन) की दुकान पर पहुंचा और स्टॉक रजिस्टर खंगालने के साथ-साथ कार्डधारकों को मिलने वाले अनाज की मात्रा और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता की कड़ाई से जांच की. जांच का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा; कुमारडूबी मिडिल स्कूल में अचानक पहुंचे अधिकारियों ने शिक्षकों की हाजिरी रजिस्टर को देखा, बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की गुणवत्ता चखी और शिक्षा के स्तर का मूल्यांकन किया. अंत में टीम ने कुमारडूबी पंचायत भवन का रुख कर कार्यालय संचालन, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और ग्रामीणों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की गहन समीक्षा की. इस अवसर पर सभी जगह संतोषजनक स्थिति मिलने पर एलआरडीसी ने संतोष जाहिर किया.मौके पर स्थानीय मुखिया, आंगनवाड़ी सेबिका,सहायिका,डीलर, स्कूल में सभी शिक्षक शिक्षिकाएं और प्रखंड प्रशासन के पूरी टीम मौजूद थे.जिन्हें व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और पारदर्शिता बरतने के कड़े निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें: आदित्य रेस्टोरेंट में एसडीएम की छापेमारी, दो जोड़ी युवक-युवती हिरासत में, पूछताछ जारी