विकास कुमार /न्यूज 11 भारत
पलामू/डेस्क: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट जपला ने ऑपरेशन 'सतर्क' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस 12877 अप से 148 लीटर झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद की है. जब्त शराब की अनुमानित कीमत 29,025 रुपये बताई गई है. बरामद शराब को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज को सौंप दिया गया.
जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के आरपीएफ पोस्ट जपला के उप निरीक्षक रामनरेश राम के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक उमाकांत राम, प्रधान आरक्षी शैलेंद्र कुमार मिश्रा, प्रधान आरक्षी राजनाथ तथा आरक्षी मनोज ऑपरेशन 'सतर्क' के तहत जपला रेलवे स्टेशन पर गश्त एवं जांच अभियान चला रहे थे. इसी दौरान सुबह करीब 1:08 बजे प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पहुंची रांची-आनंद विहार गरीब रथ एक्सप्रेस के कोच संख्या G-6 के गेट के पास पांच लावारिस प्लास्टिक के बोरे पड़े मिले.आरपीएफ जवानों ने आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बोरे पर अपना दावा नहीं किया.
इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में बोरे खोलकर जांच की गई. जांच में कुल 645 प्लास्टिक बोतलों में भरी झारखंड निर्मित देसी शराब बरामद हुई. बरामद शराब में 2 सौ मिली लीटर क़े 190 बोतल (38 लीटर) कैप्टन ब्रांड, 3 सौ मिली लीटर क़े 190 बोतल (57 लीटर) तनाका ब्रांड तथा 2 सौ मिली लीटर क़े 265 बोतल (53 लीटर) रॉयल झारखंड ब्रांड की देसी शराब शामिल है. इस प्रकार कुल 148 लीटर शराब की बरामदगी हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,025 रुपये आंकी गई. आरपीएफ ने मौके पर जब्ती सूची तैयार कर पूरी खेप को जब्त कर लिया. इसके बाद बरामद शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, डाल्टनगंज पलामू के सुपुर्द कर दिया गया.
यह भी पढ़ें: प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को लिखा पत्र, जांच कर उचित कार्रवाई की मांग