विरेन्द्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि जायसवाल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बरही क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया. टीम ने एक-एक कर कई खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुकानों की गहन जांच की. निरीक्षण दल में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता त्रिपाठी (हजारीबाग-04), अम्बरीश पांडेय (हजारीबाग-02) एवं डॉ. नावेद अंजुम (हजारीबाग-03) शामिल रहे. उनके साथ विभागीय कर्मी विकास शर्मा, सूरज कुमार एवं धनश्वर कुशवाहा मौजूद थे.
अभियान की मुख्य कार्रवाई
खोदाहर में नोटिस : बरही के खोदाहर में प्रदीप कुशवाहा के प्रतिष्ठान में जांच के दौरान खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण नहीं मिला. टीम ने मौके पर नोटिस थमाया.
होटल हर्षित राज में क्लीन चिट : होटल हर्षित राज फैमिली रेस्टोरेंट के किचन का निरीक्षण किया गया, जहाँ साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई.
गौतम स्टोर में एक्सपायरी माल जब्त : धनबाद रोड स्थित मधुलिका रिटेल शॉप एवं मधुलिका स्वीट्स की जांच के बाद टीम ने गौतम स्टोर पर छापा मारा. यहाँ एक्सपायर्ड खाद्य उत्पाद पाए गए, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया. लाइसेंस नहीं मिलने पर संचालक को नोटिस दिया गया.
बिनय स्वीट्स में मिठाइयां नष्ट : बिनय स्वीट्स में बड़ी मात्रा में रखी मिठाइयाँ खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरीं. टीम ने सभी अमानक मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया.
फॉर्च्यून तेल का सैंपल जांच को भेजा : टीम ने Fortune Mustard Oil के दो नमूने संग्रहित किए हैं. एक नमूना बरही से तथा दूसरा गया रोड स्थित सनमति ट्रेडर्स से लिया गया है. दोनों नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा.
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 का पालन करें, दुकानों में स्वच्छता बनाए रखें और वैध लाइसेंस/पंजीकरण अनिवार्य रूप से रखें. उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.