धमधमिया जंगल में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, जेसीबी से अवैध खदान ध्वस्त

Ark Sahuliyar

मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धमधमिया जंगल में संचालित अवैध कोयला खनन के खिलाफ पुलिस एवं संबंधित विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की.

मुमताज अहमद/न्यूज़11 भारत 
खलारी/डेस्क:
मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धमधमिया जंगल में संचालित अवैध कोयला खनन के खिलाफ पुलिस एवं संबंधित विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की. गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने जंगल में छापेमारी की, जहां अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से कुआँनुमा खदान खोदकर कोयले की निकासी किए जाने की पुष्टि हुई. सूचना के सत्यापन के बाद जेसीबी मशीन की मदद से अवैध खदान (कुआँ) की डोजरिंग कर उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने बताया कि खदान को पूरी तरह भर दिया गया है, ताकि भविष्य में वहां दोबारा अवैध खनन न हो सके. कार्रवाई के बाद अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया.

मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी धनंजय बैठा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि धमधमिया जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से कुआँ खोदकर कोयले की निकासी की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद संबंधित विभाग के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाकर अवैध खदान को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया.

उन्होंने कहा कि अवैध कोयला खनन एवं तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी रख रही है और आगे भी अवैध खनन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा. थाना प्रभारी ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं भी अवैध खनन या कोयला तस्करी की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें. सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है.