मानव तस्करी की बड़ी साजिश नाकाम, बिहार ले जाए जा रहे लातेहार के 27 नाबालिग बच्चे रेस्क्यू

Pramod Kumar,News11 Bharat,

पुलिस ने बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:   पलामू जिले की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मानव तस्करी की एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 27 नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया है. राहत की बात यह है कि रेस्क्यू किए गए बच्चों में बड़ी संख्या लड़कियों की है. ये सभी बच्चे पड़ोसी जिले लातेहार के मनिका के रहने वाले हैं, जिन्हें बहला-फुसलाकर बाहर ले जाया जा रहा था. इस मामले में पुलिस ने बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है.

​यह पूरी कार्रवाई शुक्रवार की देर शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस को जानकारी मिली थी कि बच्चों को गाड़ियों में लादकर ले जाया जा रहा है. इसके बाद पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने अपने इलाके में घेराबंदी कर एक गाड़ी से 14 नाबालिगों को बरामद किया. वहीं, दूसरी तरफ नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए एक अन्य वाहन से 13 नाबालिगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. पुलिस ने तुरंत इसकी सूचना बाल कल्याण समिति (CWC) को दी और बच्चों के परिजनों से भी संपर्क साधा.

​बाल कल्याण समिति के सदस्य रवि शंकर ने बताया कि प्रशासनिक और पुलिसिया जांच में यह बात सामने आई है कि इन सभी बच्चों को धान की रोपनी (खेती-मजदूरी) कराने के लिए बिहार के सासाराम इलाके में भेजा जा रहा था. फिलहाल कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी रेस्क्यू की गई नाबालिग लड़कियों को 'सखी वन स्टेप सेंटर' और लड़कों को 'बाल गृह' भेज दिया गया है. पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर मानव तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.

यह भी पढ़ें: पीएम नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड के साथ किये 10 बड़े समझौते, 15 सालों में भारत में 1.72 लाख करोड़ रुपये निवेश न्यूजीलैंड