पलामू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Ark Sahuliyar

एसपी की गुप्त सूचना पर चियांकी तीन मुहान के पास चेकिंग के दौरान पकड़ाए आरोपी, आधा किलो से अधिक अफीम और मोटरसाइकिल जब्त

न्यूज़11 भारत 
पलामू/डेस्क:
पलामू जिले की सदर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी करते हुए दो अफीम तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. यह पूरी कार्रवाई पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) कपिल चौधरी को मिली एक गुप्त सूचना के बाद की गई. एसपी को सटीक जानकारी मिली थी कि सतबरवा की तरफ से दो तस्कर मोटरसाइकिल पर अफीम लेकर मेदिनीनगर की ओर आ रहे हैं.

सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया और चियांकी तीन मुहान के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया. इसी दौरान सतबरवा की तरफ से आ रही एक लाल और काले रंग की होंडा मोटरसाइकिल को रोककर उस पर सवार दो युवकों की विधिवत तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान उनके पास से एक पीले रंग का झोला बरामद हुआ, जिसके अंदर सफेद और काले रंग की प्लास्टिक में लिपटा हुआ लगभग 520 ग्राम चिपचिपा काला अफीम पाया गया. पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के बरा गांव निवासी 26 वर्षीय अजय कुमार यादव (पिता स्वर्गीय सूकन यादव) और 23 वर्षीय ईश्वरी यादव (पिता केदार यादव) के रूप में हुई है. पुलिस ने उनके पास से अफीम के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही होंडा मोटरसाइकिल (नंबर जेएच 03 एटी 9584) और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं. जब्त फोन में ईश्वरी यादव के पास से एक वीवो कंपनी का एंड्रॉइड फोन और अजय यादव के पास से एक जियो कंपनी का कीपैड फोन मिला है.

इस मामले को लेकर सदर थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या 79/2026 दर्ज किया गया है, जिसके बाद दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया. इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में मुख्य रूप से सब-इंस्पेक्टर चंद्रशेखर यादव, आरक्षी शैलेंद्र गोस्वामी, रवींद्र कुमार सिंह, चालक अनिल कुमार शुक्ला और सदर थाने के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे.