आरपीएफ रांची की बड़ी सफलता, 30.50 लाख रुपये मूल्य का गांजा जब्त

News11 Bharat

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची एवं आरपीएफ की अपराध शाखा, रांची द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया. 30 मई 2026 को रांची रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर–जम्मू तवी एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को चार ट्रॉली बैग एवं तीन पिट्ठू बैग के साथ पाया गया. 

पूछताछ के दौरान उन्होंने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार की. ट्रेन के रवाना होने पर सभी संदिग्धों को उनके सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर विधिसम्मत जांच की गई. जांच के दौरान आयुष सिंह (22 वर्ष), प्रिंस कुमार (21 वर्ष) एवं अंकित पाठक (19 वर्ष), निवासी जिला बक्सर (बिहार) के कब्जे से कुल 61 पैकेट गांजा (61 किलोग्राम) तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए. सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ, रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में डीडी किट से परीक्षण करने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 30.50 लाख रुपये आंकी गई है. बरामद गांजा एवं अन्य सामग्री को जब्त कर तीनों आरोपियों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु लिखित प्राथमिकी के साथ जीआरपी रांची को सुपुर्द कर दिया गया.

यह भी पढ़े: रांची: रिम्स में वेतन संकट गहराया, डॉक्टरों और कर्मचारियों ने डायरेक्टर ऑफिस का किया घेराव