फिरोज आलम/न्यूज़11 भारत
रामगढ़/डेस्क: रक्षा बंधन के पावन अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा संचालित राखी बनाओ और स्पीड पोस्ट से भेजो अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में डाक विभाग के अधिकारियों ने स्थानीय विधायक ममता देवी से मुलाकात कर अभियान की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का आग्रह किया.
इस अवसर पर विधायक ममता देवी ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का पर्व नहीं, बल्कि देश की सीमाओं पर दिन-रात हमारी सुरक्षा में तैनात वीर जवानों के प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता प्रकट करने का भी अवसर है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने हाथों से बनाई गई हैंडमेड राखियां भारतीय सेना के जवानों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेजें, ताकि उन्हें भी अपने परिवार और समाज के स्नेह का एहसास हो सके.
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग की यह पहल भारतीय संस्कृति, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाली है. विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला समूहों एवं आम नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अधिक से अधिक संख्या में राखियां स्पीड पोस्ट के माध्यम से जवानों तक भेजने की अपील की.
डाक विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य रक्षा बंधन के पावन संदेश को देश की सीमाओं पर तैनात वीर जवानों तक पहुंचाना है. इसके लिए विभाग द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने सभी नागरिकों से इस पहल को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की.
इसे भी पढ़ें: रांची: आज शाम 4 बजे शुरू होगी घुरती रथ यात्रा, ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, दो पहिया वाहनों की भी नो एंट्री