मैक्लुस्कीगंज को पर्यटन के नक्शे पर मिलेगी नई पहचान, स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के अवसर : सुदिव्य कुमार

Ark Sahuliyar

झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का गुरुवार को ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मैक्लुस्कीगंज स्थित डाक बंगला में आगमन हुआ.

मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत 
खलारी/डेस्क:
झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार का गुरुवार को ऐतिहासिक पर्यटन स्थल मैक्लुस्कीगंज स्थित डाक बंगला में आगमन हुआ. इस अवसर पर खलारी अंचलाधिकारी प्रणव कुमार अंबष्ट ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया. मंत्री के आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया.

मौके पर पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि मैक्लुस्कीगंज अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण, एंग्लो-इंडियन विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक पहचान के कारण राज्य ही नहीं, बल्कि देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में शामिल होने की क्षमता रखता है. यहां के जंगल, पहाड़, प्राकृतिक दृश्य और ऐतिहासिक धरोहरें पर्यटकों को आकर्षित करने की अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं.

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मैक्लुस्कीगंज के समग्र पर्यटन विकास को लेकर गंभीर है. क्षेत्र में पर्यटन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पर्यटकों के ठहरने की बेहतर व्यवस्था, सड़क संपर्क, सौंदर्यीकरण तथा स्थानीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है. सरकार की मंशा है कि मैक्लुस्कीगंज को झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए.

मंत्री ने कहा कि पर्यटन के विकास का सबसे बड़ा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा. इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे. होमस्टे, स्थानीय हस्तशिल्प, पारंपरिक खान-पान, पर्यटन गाइड और अन्य सेवाओं के माध्यम से ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा कि मैक्लुस्कीगंज की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए विकास कार्य किए जाएंगे, ताकि इसकी मौलिकता बरकरार रहे और आने वाली पीढ़ियां भी इसकी विशेषताओं से परिचित हो सकें.

इस दौरान मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ पर्यटन विकास से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की तथा क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को पर्यटन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश भी दिया.

मौके पर कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान मैक्लुस्कीगंज को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और स्थानीय समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया.