पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल संसदीय समिति की बैठक संपन्न, सांसद ने रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर दिया जोर

Ark Sahuliyar

डित दीनदयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय में रेलवे मंडल संसदीय समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.

न्यूज11 भारत 
पलामू/डेस्क:
पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय में रेलवे मंडल संसदीय समिति की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने की. बैठक में पलामू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल, विशेषकर हुसैनाबाद अनुमंडल के रेलवे स्टेशनों के कायाकल्प, यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल सेवाओं को अधिक सुरक्षित, आधुनिक एवं सुगम बनाने से जुड़े तमाम अहम मुद्दों पर गहन मंथन किया गया.

संसदीय समिति की इस बैठक में स्टेशनों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, स्टेशनों पर बेहतर लाइटिंग, आधुनिक प्रतीक्षालयों का निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाएं, यात्री शेड और टिकट वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया. इसके साथ ही पलामू क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही जन-अपेक्षाओं और लंबित पड़े विकास कार्यों व प्रस्तावों को बिना किसी देरी के शीघ्र पूरा करने का अनुरोध भी रेलवे प्रशासन से किया गया.

बैठक के दौरान सांसद विष्णु दयाल राम ने विभिन्न चल रही रेल परियोजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए जनहित के सभी मुद्दों पर गंभीरता और प्राथमिकता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी. सांसद ने इस बात पर जोर दिया कि रेलवे केवल आवागमन का एक साधन मात्र नहीं है, बल्कि यह किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास का सबसे मजबूत आधार होती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पलामू संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को विश्वस्तरीय और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा रेल बुनियादी ढांचे को और अधिक सशक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है.

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय और संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र में रेलवे के विकास को एक नई गति मिलेगी. इससे आने वाले समय में आम यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहद सुगम यात्रा का लाभ मिल सकेगा. इस महत्वपूर्ण बैठक के अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, विभिन्न क्षेत्रों के माननीय सांसदगण, समिति के सम्मानित सदस्य, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीणा, मंडल वाणिज्यिक प्रबंधक राजीव रंजन सहित रेलवे के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे.