विकास कुमार/न्यूज़11 भारत
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिले में अनियमित विद्युत आपूर्ति, लो-वोल्टेज, खराब ट्रांसफॉर्मर सहित अन्य बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर मंगलवार, 11 अगस्त को विधानसभा परिसर में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में हुसैनाबाद विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने जिले की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. बैठक के दौरान विधायक ने ऊर्जा विभाग के सचिव, जीएम एवं निदेशक के समक्ष पलामू जिले में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा. उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता को बिजली की समस्याओं से जल्द राहत दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं. साथ ही निर्बाध एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया. विधायक ने खराब पड़े ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या दूर करने तथा विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता बताई. बैठक में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विश्रामपुर विधायक नरेश प्रसाद सिंह, भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव, ऊर्जा सचिव सह सीएमडी (जेवीएनएल) के. श्रीनिवासन समेत ऊर्जा विभाग के अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.