हवा में उड़ने वाली बस लाएंगे मंत्री नितिन गडकरी, JMM ने कसा तंज पूछा 'ये भी एथेनॉल से चलेगी क्या ?'

News11 Bharat

मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वह भविष्य में हवा में उड़ने वाली बस लाने वाले हैं. इस मुद्दे पर अब JMM ने मंत्री पर निशाना साधते हुए पूछा कि 'ये भी एथेनॉल से चलेगी क्या ?'

न्यूज़ 11 

रांची/डेस्क: एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर देशभर में बहस छिड़ी हुई है. इसी बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है, जिसे सुन हर किसी के होश उड़ गए हैं. दरअसल मंत्री ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वह भविष्य में ऐसी बसें लाने वाले हैं, जो सड़क के बजाय हवा में दौड़ेगी. उन्होंने कहा कि बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए आधुनिक परिवहन तकनीकों को अपनाना जरूरी है. 

मंत्री के इस बात को सुनकर एक ओर जहां जनता की ओर से तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है, तो वहीं दूसरी ओर अब राजनीतिक बयान बाजियां भी तेज हो गयी है. झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने मंत्री के इस बात पर तंज कसते हुए पूछा कि "उड़ने वाली बस तो एथेनॉल से नहीं चलेगी ना".

JMM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मंत्री नितिन गडकरी के वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा "उड़ने वाली बस - एथनॉल से तो नहीं चलेगी ना ? वरना वह भी E-20 वाली गाड़ियों की तरह हवा में झटका देगी।".  वहीं दूसरी ओर इस पोस्ट पर लोगों ने भी अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. 

बताते चलें कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री नितिन गडकरी ने हवा में उड़ने वाली बस ही नहीं बल्कि और भी कई नई-नई टेक्नोलॉजी लाने की बात कही थी. उन्होंने कहा कि 'मैं अभी और भी नई-नई टेक्नोलॉजी लाने वाला हूं. रोपवे, केबल कार, इत्यादि लाया हूं और अब हवा में उड़ने वाली बस भी जल्द लाने वाला हूं. पानी में उतरने वाला हवाई जहाज भी मैंने लाया था, जो समुद्र में उतरा था. मैं ऐसा मास ट्रांसपोर्ट सिस्टम तैयार करके दूंगा, जो मेरे अंडर में आती है. जिससे एक कोने से दूसरे कोने तक कब पहुंचे, ये भी पता नहीं चलेगा.'

इसे भी पढ़ें: JPSC Mains Exam: 25 जुलाई से शुरू होगी परीक्षा, जानिए  कब से डाउनलोड कर सकेंगे एडमिट कार्ड