गुमला: आधार-PAN का गलत इस्तेमाल, युवक के नाम पर फर्जी लोन लेकर ठगों ने उड़ाए ₹56 हजार

Dipali Kumari

ठगी का एक मामला जिले के जशपुर रोड रामनगर से सामने आया है.

न्यूज़11 भारत 
गुमला/डेस्क: 
गुमला जिले में साइबर ठग लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं. ठगी का एक और मामला जिले के जशपुर रोड रामनगर से सामने आया है. यहां ठगों ने एक व्यक्ति के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर पहले उनके नाम से फर्जी बैंक खाता खोला और फिर उस अकाउंट के माध्यम से 56,460 रुपये का लोन लेकर पैसे दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर कर लिए. 

पीड़ित मुकेश कुमार ने इस संबंध में गुमला थाना में आवेदन देकर अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है. आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड की जानकारी का दुरुपयोग कर उनके नाम और पते पर इंडियन ओवरसीज बैंक में फर्जी बैंक अकाउंट खोला गया. इसके बाद उक्त खाते के माध्यम से एक फाइनेंस कंपनी से 56,460 रुपये का लोन लिया गया और राशि दूसरे खाते में स्थानांतरित कर दी गई. 

मुकेश कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अपनी सिबिल रिपोर्ट की जांच की, तब उन्हें इस फर्जी लोन की जानकारी मिली. इस संबंध में इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधक से बात करने पर उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सिस्टम से खाता खोला गया है. जो RIB नियम के अनुरूप है. पीड़ित ने पुलिस से साइबर ठग की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा फर्जी बैंक खाते को तत्काल सीज कराने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें: क्या रांची की लड़की इंटरनेशनल स्तर पर कर रही ड्रग्स सप्लाई? युवती जांच एजेंसियों के रडार पर