विश्वकर्मा भारती/न्यूज 11 भारत
बेरमो/डेस्क: सीसीएल ढोरी क्षेत्र के पांच नंबर धौड़ा स्थित RCD रोड पर भूमिगत आग और भू-धंसान से उत्पन्न स्थिति के स्थायी समाधान को लेकर बुधवार को चपरी रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने प्रशासनिक एवं सीसीएल अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक, बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी, बेरमो एसडीपीओ , बेरमो अंचल पदाधिकारी, फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी,सड़क निर्माण विभाग के पदाधिकारी एवं बेरमो थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक के दौरान पांच नंबर धौड़ा RCD रोड की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा, वैकल्पिक मार्ग निर्माण तथा आमजन की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि सीसीएल ढोरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों की लाइफलाइन है. इसलिए समस्या के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं स्थायी समाधान की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाएं.
साथ ही प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी, वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में किसी भी संभावित जोखिम को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया. बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा. पांच नंबर धौड़ा RCD रोड पर उत्पन्न संकट को देखते हुए प्रशासन, सीसीएल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों का एक मंच पर आना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की लाइफलाइन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आसपास रहने वाले आमजन और उनके घरों को भी खतरे से बचाने के लिए अब निर्णायक पहल शुरू हो चुकी है.
यह भी पढ़ें: गांडेय कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 19 बीपीएल छात्राओं के नामांकन पर हुई बैठक, चयन प्रक्रिया पर चर्चा