प्रमोद कुमार न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने गुरुवार को राजधानी रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की. मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर रांची पहुंचे विधायक रामचंद्र सिंह का मुख्यमंत्री ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की.
मुलाकात के दौरान विधायक रामचंद्र सिंह ने मनिका विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष कई अहम मांगें रखीं. उन्होंने बरवाडीह को अनुमंडल का दर्जा देने तथा छिपादोहर को प्रखंड बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
विधायक ने बेतला एवं नेतरहाट जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के समुचित विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पर्यटन को बढ़ावा मिलने से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं विभिन्न विकास योजनाओं में तेजी लाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी.
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर विधायक रामचंद्र सिंह ने लातेहार जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की मांग करते हुए कहा कि जिलेवासियों को बेहतर इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े, इसके लिए मेडिकल कॉलेज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है.
विधायक ने टाइगर प्रोजेक्ट क्षेत्र होने के कारण विकास कार्यों में आ रही बाधाओं का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों के विकास एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराया जाए, ताकि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा सके.
इस अवसर पर विधायक रामचंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बेतला एवं नेतरहाट भ्रमण के लिए आमंत्रित किया. मुख्यमंत्री ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें: टाटा स्टील फाउंडेशन केंद्र में विधिक जागरूकता शिविर, मानव तस्करी और साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी