भरत मंडल/न्यूज11 भारत
गांडेय/डेस्क: गिरिडीह जिले के गांडेय अंचल के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के गिरिडीह-टुंडी मुख्य मार्ग पर बराकर पुल के समीप कल गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान मनियाडीह थाना क्षेत्र के गुलियाडीह गांव निवासी करीब 60 वर्षीय अयोध्या प्रसाद यादव के रूप में हुई है. वहीं घायल की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भुराई गांव निवासी भगलु यादव के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार दोनों किसी रिश्तेदार के यहां ताराटांड़ थाना क्षेत्र आए थे और लौटने के दौरान हादसे का शिकार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही ताराटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस वाहन से सदर अस्पताल, गिरिडीह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अयोध्या प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि भगलु यादव का इलाजरत है. पुलिस शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुटी है.
ताराटांड़ थाना प्रभारी बुद्धेश्वर उरांव ने बताया कि अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए थे. दोनों को तत्काल पुलिस वाहन से सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है.
इसे भी पढ़ें: पलामू: घर में फंदे से लटका मिला 45 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस