चंदवा में रेशमी मेटालिक्स में नौकरी की मांग को लेकर आंदोलन तेज, सभी कार्य बंद कराने की चेतावनी

Pramod Kumar

भूमि अधिग्रहण और रोजगार देने के नाम पर किए गए वादे पूरे नहीं किए जाने का आरोप

राहुल कुमार/ न्यूज11भारत

चंदवा/डेस्क:  चकला-बाना स्थित रेशमी मेटालिक्स कंपनी में स्थानीय मैनपावर मजदूरों एवं रैयतों का आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा. नौकरी और पूर्व में किए गए वादों को पूरा करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे आंदोलनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है.धरनास्थल पर आयोजित बैठक में आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन स्थानीय रैयतों और वर्षों से कार्यरत मैनपावर मजदूरों की उपेक्षा कर रही है. उनका कहना है कि भूमि अधिग्रहण और रोजगार देने के नाम पर किए गए वादे अब तक पूरे नहीं किए गए हैं. इस दौरान कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट पी.सी. जोशी के साथ करीब चार घंटे तक वार्ता हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका.

आंदोलन समिति ने घोषणा की है कि शुक्रवार से कंपनी के सभी कार्यों को बंद कराने का अभियान चलाया जाएगा. उनका कहना है कि जब तक पात्र स्थानीय रैयतों और मैनपावर कर्मियों को रोजगार नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. मजदूर नेताओं ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की है. वहीं, समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी.

यह भी पढ़ें: 20 जून से बढ़ेगा बस किराया, बहरागोड़ा से टाटा समेत सभी प्रमुख रूटों पर लागू होंगे नए रेट